How to get natural colour, strength and shine hair by hair mask
बालों में प्राकृतिक कलर, मजबूती और चमक लाने के लिए आप घर पर कुछ हेयर मास्क बनाकर प्रयोग कर सकते हैं। यह बालों में नमी को स्थायी रूप से स्थापित करने में सहायक होते हैं। यह बालों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में सहायता करते हैं। इन्हें प्रयोग में लाकर आप कई प्रकार की समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। जैसे- बालों का झड़ना, सफ़ेद होना, बालों का रूखापन, रूसी इत्यादि।
खासकर सफेद बालों को मजबूत रखने और हेयर फॉल कम करने के लिए ये अच्छे विकल्प हैं। आइये जाने इन हेयर मास्क को बनाने और इस्तेमाल करने का सही तरीका।
कुछ निम्नलिखित हेयर मास्क इस प्रकार हैं:
- 2 टीस्पून आंवला पाउडर + 2 टीस्पून दही + 1 टीस्पून कलौंजी पाउडर तथा 1 टीस्पून एलोवेरा जेल को मिलाएं। अब इस तैयार पेस्ट को सिर की त्वचा पर लगाएं व लगभग 30 से 45 मिनट बाद हर्बल शैंपू से बाल धो लें। यह हेयर मास्क बालों को मज़बूत बनाने में सहायक है। सप्ताह में एक बार अवश्य लगाएं।
- 1 टेबलस्पून मेथी दाना का पेस्ट (मेथी को रातभर पानी में भिगोए ) + 2 टीस्पून दही को मिलाएं। अब इस तैयार पेस्ट को सिर की त्वचा पर लगाएं व लगभग 30 मिनट बाद हर्बल शैंपू से बाल धो लें। यह हेयर मास्क बालों को मुलायम बनाने के साथ ही पोषण प्रदान करने में लाभदायक है। इस हेयर मास्क को सप्ताह में 2 बार अवश्य लगाएं।
- 5 प्याज के छिलके + 2 टीस्पून मेथी दाने को 1 गिलास पानी में 10 मिनट तक उबालें। ठंडा होने पर छन्नी से छान कर, पानी को रूई के फोहे से बालों की जड़ों से सिरों तक लगाएं व 25 से 30 मिनट बाद हर्बल शैंपू से बाल धो लें। यह हेयर मास्क बालों को मज़बूत, चमकदार और नेचुरल रंगत प्रदान करने में सहायक होता है। इस हेयर मास्क को सप्ताह में 2 बार अवश्य लगाएं। ( चाहें तो पानी में 2 टीस्पून चाय की पत्ती मिला सकते हैं)
नोट:
- प्रत्येक हेयर मास्क लगाने से पहले बालों को अवश्य धोएं।
- प्रतिदिन 7-8 गिलास पानी पीयें।
![]()






